Microsoft PowerPoint एक बहुत ही उपयोगी एप्लिकेशन है इसका उपयोग डिजिटल प्रस्तुतियों (Presentations) को बनाने के लिए किया जाता है। हम इस एप्लिकेशन का उपयोग करके किसी भी तरह का प्रेजेंटेशन बना सकते हैं जैसे – किसी कक्षा को पढ़ाने के लिए, बेचने के लिए एक उत्पाद पेश करना या किसी विषय या योजना की व्याख्या करना आदि। Microsoft PowerPoint एक ऐसा एप्लिकेशन है जो मल्टीमीडिया स्लाइड्स को डिज़ाइन करने के लिए एक ग्राफ़िकल इंटरफ़ेस प्रदान करता है। इसकी मदद से हम बनाई गई प्रस्तुति (Presentation) को प्रोजेक्टर या पर्सनल कंप्यूटर का उपयोग करके दर्शकों को दिखा सकते हैं। PowerPoint Presentation बनाने के लिए हम चित्रों, ध्वनियों, वीडियो क्लिप, टेक्स्ट और चार्ट आदि का उपयोग कर सकते हैं। हम अधिक आकर्षक प्रेजेंटेशन बनाने के लिए इस अप्लीकेशन में साउन्ड और एनीमेशन प्रभाव का भी उपयोग कर सकते हैं। Microsoft PowerPoint को Microsoft Corporation द्वारा विकसित किया गया है, यह एक प्रेजेंटेशन एप्लिकेशन है और इसका एक्सटेंशन नाम *.pptx होता है।
Microsoft PowerPoint अप्लीकेशन को कंप्यूटर पर कैसे खोलें?
पर्सनल कंप्यूटर पर पॉवरपॉइंट खोलने के कई तरीके हैं, लेकिन मुख्य दो तरीके नीचे बताए गए हैं।
- Start menu>All Programs>Microsoft Office>Microsoft PowerPoint>Enter.
- Start menu>Run> Type: “powerpnt”>Enter
उपरोक्त मे से किसी भी मेथड का उपयोग करने के बाद, Microsoft PowerPoint की एप्लिकेशन विंडो निम्न प्रकार से प्रदर्शित होगी।
Microsoft PowerPoint की अप्लीकेशन विंडो

Microsoft PowerPoint एप्लिकेशन पिछले संस्करणों के तुलना मे काफी अलग है। प्रेजेंटेशन को आसान और तेज़ बनाने के लिए इसमें नई शैलियाँ शामिल की गई हैं। पिछले संस्करणों में एप्लिकेशन मेनू, विकल्प और टूलबार पर निर्भर करता करता था, लेकिन PowerPoint 2007 संस्करण के साथ माइक्रोसॉफ्ट ने कुछ बदलाव किए जो नीचे दिए गए हैं।
Microsoft PowerPoint अप्लीकेशन विंडो के मुख्य अवयव
Office Button – एक बटन जो File Menu की जगह इस्तेमाल किया जाता है। Microsoft Office बटन ने पिछले संस्करणों में फ़ाइल मेनू को बदल दिया है। इस बटन के अंतर्गत New, Open, Save, Print और Recent Presentations तथा Settings आदि विकल्प मौजूद होते है।
Quick Access Toolbar – इस टूलबार मे ऐसे विकल्प मौजूद होते है जिनका इस्तेमाल बार-बार किया जाता है। इस टूलबार के ऑप्शन्स को यूजर अपने अनुसार कास्टमाइज भी कर सकता है।
Title Bar – एप्लिकेशन विंडो के शीर्ष पर एक पट्टी होती है, जो एप्लिकेशन और प्रेजेंटेशन का नाम प्रदर्शित करती है। टाइटल बार के दाहिने छोर पर मिनिमाइज, रिस्टोर और क्लोज बटन भी मौजूद होते है, जिनकी मदद से प्रेजेंटेशन को मिनमाइज़, रिस्टोर तथा बंद किया जा सकता है।
Tabs – टाइटल बार के नीचे का क्षेत्र जिसमें डिफ़ॉल्ट रूप से 7 टैब प्रदर्शित होते है, टैब्स विकल्पों के अनुसार समूहों में व्यवस्थित होते हैं। इनमे डिफ़ॉल्ट टैब Home होता है, बाकी अन्य Insert, Design, Animation, Slide Show, Review और View होते हैं।
Ribbon – टैब के नीचे का क्षेत्र जिसमें चयनित टैब से संबंधित विकल्प प्रदर्शित होते हैं, रिबन कहलाता है। CTRL + F1 कुंजी दबाकर रिबन को हाइड/अनहाइड भी किया जा सकता है।
Slide – यह प्रेजेंटेशन स्लाइड बनाने के लिए एक पेज होता है, यह अप्लीकेशन विंडो के मध्य मे प्रदर्शित होता है।
Slide and Outline Pane – स्लाइड पेज के बाईं ओर स्थित एक फलक विंडो जो दो भागों में विभाजित होती है, Slide और Outline. Slide का उपयोग सम्मिलित की गई स्लाइड को थंबनेल मोड में प्रदर्शित करने के लिए किया जाता है, तथा Outline का उपयोग स्लाइड में उपयोग किए गए शीर्षकों (Headings) को प्रदर्शित करने के लिए किया जाता है।
Place Holders – प्लेस होल्डर्स का उपयोग डेटा को जोड़ने के लिए किया जाता है, जैसे – हेडिंग, टेक्स्ट, ऑब्जेक्ट, वीडिओ आदि।
Status Bar – यह अप्लीकेशन विंडो के निचले हिस्से मे प्रदर्शित होती है, जो सक्रिय प्रेजेंटेशन के बारे में जानकारियाँ प्रस्तुत करती है।
View Toolbar – व्यू टूलबार का उपयोग स्लाइड पेजों के विभिन्न दृश्यों को Normal, Slide Sorter और Slide Show रूप में प्रदर्शित करने के लिए किया जाता है।
Zoom Button – जूम बटन का उपयोग स्लाइड पेज को बड़ा (Zoom In) या छोटा (Zoom Out) करने के लिए किया जाता है।